उत्तराखण्ड
कुंभ 2027 से पहले गेस्ट हाउसों का कायाकल्प, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार का देहरादून–हरिद्वार तक औचक निरीक्षण।



संवादसूत्र देहरादून/हरिद्वार: राज्य में आने वाले विशिष्ट अतिथियों एवं अधिकारियों को उच्चस्तरीय आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को देहरादून से हरिद्वार तक विभिन्न राजकीय अतिथि गृहों का व्यापक औचक निरीक्षण किया। यह दौरा व्यवस्थाओं को जमीनी स्तर पर परखने और उन्हें आधुनिक मानकों के अनुरूप सुदृढ़ करने की ठोस पहल के रूप में सामने आया।
सचिव ने गेस्ट हाउसों की संरचना, अनुरक्षण, स्वच्छता, सुरक्षा, फर्नीचर, विद्युत एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य की छवि इन अतिथि गृहों से भी जुड़ी होती है, इसलिए यहां ठहरने वाले अतिथियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलना अनिवार्य है। रिनोवेशन कार्यों की गुणवत्ता, किचन की साफ-सफाई, फायर सेफ्टी सिस्टम की मजबूती और समग्र सौंदर्यीकरण को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए। साथ ही आगामी कुंभ मेला 2027 को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं मानक अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बीजापुर गेस्ट हाउस में तीन चरणों में होगा उन्नयन
देहरादून गढ़ी कैंट स्थित राज्य अतिथि गृह बीजापुर का संयुक्त निरीक्षण सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। निरीक्षण के दौरान भवन की सिविल एवं विद्युत व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
प्रथम चरण में संपूर्ण रिपेयरिंग, वीवीआईपी कक्षों के उन्नयन, क्षतिग्रस्त फर्नीचर के प्रतिस्थापन तथा फायर सेफ्टी सिस्टम को अत्याधुनिक बनाने के निर्देश दिए गए। द्वितीय चरण में प्रकाश व्यवस्था सुधार एवं समग्र सौंदर्यीकरण पर जोर दिया गया। तृतीय चरण में ड्रॉइंग रूम, गार्ड कक्ष और खुले प्रांगण की मरम्मत के साथ समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सचिव ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किए जाएं।
ऑफिसर्स ट्रांजिट हॉस्टल में 2.95 करोड़ से अधिक के कार्य प्रगति पर
बीजापुर गेस्ट हाउस के बाद सचिव ने रेसकोर्स स्थित ऑफिसर्स ट्रांजिट हॉस्टल का निरीक्षण किया। समीक्षा में बताया गया कि 2 करोड़ 33 लाख 78 हजार रुपये की लागत से रंगाई-पुताई, शौचालय नवीनीकरण, टाइल्स प्रतिस्थापन एवं जलापूर्ति मरम्मत जैसे कार्य तेजी से चल रहे हैं। इसके अतिरिक्त 2 करोड़ 95 लाख 12 हजार रुपये की लागत से फर्नीचर, फर्निशिंग, विद्युत एवं सिविल कार्यों को गति दी गई है।
पुरानी लिफ्ट के स्थान पर नई आधुनिक लिफ्ट स्थापना, छत पर टिन शेड निर्माण, गैलरी में फॉल्स सीलिंग, नई वायरिंग एवं सीलिंग लाइट लगाने का निर्णय लिया गया। पार्किंग स्थल के समीप 9 नए डबल/सूट कक्षों के निर्माण की योजना को भी स्वीकृति दी गई है। सभी कमरों में टीवी हेतु डेटा केबलिंग और नया इंटरकॉम सिस्टम स्थापित किया जाएगा।
हरिद्वार में अटल बिहारी वाजपेई राजकीय अतिथि गृह का निरीक्षण
हरिद्वार स्थित अटल बिहारी वाजपेई राजकीय अतिथि गृह, मायापुर का निरीक्षण करते हुए सचिव ने आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के मद्देनजर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भवन की छत से पानी टपकने एवं कुछ कमरों में सीलन की समस्या पर लोक निर्माण विभाग को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए।
विद्युत व्यवस्था की जांच, सुरक्षा मानकों के सुदृढ़ीकरण तथा अनुपयोगी फर्नीचर की नियमानुसार नीलामी के निर्देश भी जारी किए गए। रूम, डोरमेट्री, पार्किंग, डाइनिंग हॉल, किचन, मीटिंग हॉल एवं वीआईपी कक्षों का निरीक्षण कर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर विशेष बल दिया गया।
सचिव ने कहा कि कुंभ मेला 2027 अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन है, ऐसे में हरिद्वार के अतिथि गृहों को उच्च मानकों के अनुरूप तैयार करना अनिवार्य है। उन्होंने दोहराया कि अतिथि गृह केवल भवन नहीं, बल्कि राज्य की आतिथ्य परंपरा और प्रशासनिक सुदृढ़ता का प्रतिनिधित्व करते हैं।




