उत्तराखण्ड
सुरक्षा कारणों से वन अनुसंधान संस्थान में दर्शकों के प्रवेश पर अस्थायी रोक।

संवादसूत्र देहरादून: वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में दर्शकों के प्रवेश पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। संस्थान प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए यह निर्णय लिया है। इस संबंध में कुलसचिव विकास राणा द्वारा आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, सुरक्षा कारणों के दृष्टिगत संस्थान परिसर में सभी पर्यटकों का प्रवेश तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक बंद रहेगा। हालांकि, सुबह और शाम को भ्रमण करने वालों को इससे अलग रखा गया है। इसके अलावा केवल पूर्व अनुमति प्राप्त शैक्षणिक भ्रमण दलों को ही संस्थान में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
गौरतलब है कि वन अनुसंधान संस्थान के संग्रहालय और ऐतिहासिक भवन को देखने के लिए प्रतिदिन 500 से 700 पर्यटक पहुंचते हैं। शनिवार और रविवार को यह संख्या और अधिक हो जाती है। ऐसे में प्रवेश पर रोक से बड़ी संख्या में पर्यटकों पर असर पड़ेगा।
संस्थान के आदेश में सुरक्षा व्यवस्था का हवाला तो दिया गया है, लेकिन इसके पीछे के ठोस कारणों का उल्लेख नहीं किया गया है। इसे हाल के दिनों में सुरक्षा कर्मचारियों में किए गए बदलावों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
इस संबंध में कुलसचिव विकास राणा ने स्पष्ट किया कि संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था में कुछ परिवर्तन किए जा रहे हैं, जिसके तहत एहतियातन यह कदम उठाया गया है। सुरक्षा संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की स्थिति पर निर्णय लिया जाएगा।




