उत्तराखण्ड
धारी ब्लॉक में तेंदुए का आतंक, महिला पर हमला कर मौत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश।

संवादसूत्र देहरादून/नैनीताल: नैनीताल जनपद के धारी ब्लॉक अंतर्गत खुटियाखाल क्षेत्र में रविवार दोपहर तेंदुए के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार खुटियाखाल निवासी गंगा देवी (पत्नी जीवन चंद्र) पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुआ लंबे समय से लगातार दिखाई दे रहा था और इसकी जानकारी वन विभाग को भी दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। वहीं धारी के उपजिलाधिकारी अंशुल भट्ट ने महिला की तेंदुए के हमले में मृत्यु की पुष्टि करते हुए बताया कि वे स्वयं भी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।




