उत्तराखण्ड
मतदान केंद्रों पर पहुंचे मुख्य निर्वाचन अधिकारी, एसआईआर प्रक्रिया का लिया जायजा, मतदाताओं से लिया फीडबैक।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को देहरादून जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत नोटिसों की सुनवाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी जाने।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजपुर विधानसभा के बूथ संख्या-65 स्थित प्राथमिक विद्यालय दिलाराम बाजार तथा रायपुर विधानसभा के बूथ संख्या-10 स्थित प्राथमिक विद्यालय डांडा खुदानेवाला का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि फील्ड विजिट का उद्देश्य एसआईआर प्रक्रिया के दौरान धरातल पर आ रही व्यवहारिक समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी मंडल आयुक्तों, जिलाधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को भी नियमित फील्ड निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का निस्तारण बीएलओ स्तर पर ही दस्तावेजों का सत्यापन कर किया जाए, ताकि मतदाताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, उन मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए ईआरओ और एईआरओ स्तर पर नियमानुसार सुनवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी के लिए सीईओ कार्यालय के अधिकारियों को भी विभिन्न जिलों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे को देहरादून और हरिद्वार, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का को नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास को ऊधमसिंह नगर, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों की जिम्मेदारी दी गई है।
गौरतलब है कि सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने हरिद्वार जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण कर एसआईआर प्रक्रिया की समीक्षा की थी। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईआरओ रायपुर डॉ. अपूर्वा सिंह, ईआरओ राजपुर तनवीर मारवाह तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली भी उपस्थित रहे।




