उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने भगवान शिव और महाबली हनुमान की प्रतिमाओं का किया अनावरण।


संवादसूत्र देहरादून/खटीमा, 14 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के बंडिया क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ एवं महाबली हनुमान जी की प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर क्षेत्र श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर नजर आया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की संस्कृति, परंपरा तथा धार्मिक आस्था हमारी पहचान का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और विकास केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान भोलेनाथ और महाबली हनुमान जी की प्रतिमाएं समाज में सकारात्मक ऊर्जा, श्रद्धा और जनकल्याण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेंगी। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता, एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपने संस्कारों और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को मिल रहे प्रोत्साहन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत नानकमत्ता के अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




