उत्तराखण्ड
आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों पर सरकार सख्त, मुख्य सचिव ने दिए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: प्रदेश में खाद्यान्न और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता तथा कीमतों को लेकर मुख्य सचिव आंनद वर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेशभर में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य स्थिति की जानकारी ली गई।
मुख्य सचिव ने आयुक्त खाद्य बी एल राणा से प्रदेश में खाद्यान्न, ईंधन और अन्य उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता एवं कीमतों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर निर्बाध रूप से उपलब्ध हों, इसके लिए लगातार और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि बाजार में खाद्य सामग्री, डीजल-पेट्रोल, एलपीजी तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्य सचिव ने कालाबाजारी, जमाखोरी और कृत्रिम अभाव पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग नियमित निरीक्षण अभियान चलाएं तथा बाजारों, गोदामों और थोक विक्रेताओं की लगातार जांच करें।
उन्होंने विशेष रूप से चारधाम यात्रा से जुड़े जनपदों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य नियंत्रण पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में चीफ मार्केटिंग ऑफिसर एम.एस. विसेन, रीजनल मार्केटिंग ऑफिसर सी.एम. घिल्डियाल तथा उपायुक्त निधि रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




