उत्तराखण्ड
मतदाताओं के दस्तावेजों का तय समय पर होगा सत्यापन,विभागवार नोडल अधिकारी नियुक्त।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे दस्तावेजों के समयबद्ध सत्यापन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विभिन्न विभागों के राज्य स्तरीय नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। सोमवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सत्यापन प्रक्रिया में तेजी लाने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आयोग द्वारा निर्धारित 11 प्रकार के दस्तावेजों, जिनमें शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर प्रमुख हैं, का तय समय सीमा के भीतर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिलों में नियुक्त नोडल अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर राज्य स्तर पर पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी, ताकि नोटिस की सुनवाई के दौरान मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का समय पर सत्यापन और निस्तारण हो सके।
बैठक में मैट्रिक एवं अन्य शैक्षिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए माध्यमिक शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग के निदेशकों, स्थायी निवास, जाति एवं भवन आवंटन प्रमाण पत्रों के लिए राजस्व परिषद, जन्म प्रमाण पत्रों के लिए शहरी विकास एवं स्वास्थ्य विभाग, परिवार रजिस्टर और भवन आवंटन संबंधी अभिलेखों के लिए पंचायतीराज विभाग तथा ऑनलाइन सेवाओं के सत्यापन के लिए आईटीडीए को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी सहित उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, शहरी विकास, पंचायतीराज, स्वास्थ्य, राजस्व विभाग एवं आईटीडीए के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




