उत्तराखण्ड
एक क्लिक में मिलेगी 2003 की वोटर लिस्ट, गली-मोहल्ले के नाम से भी होगी तलाश।

संवादसूत्र देहरादून: मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया को अब और अधिक सरल बना दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की पहल पर आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अब मतदाता केवल गली, मोहल्ले या एरिया के नाम के आधार पर भी 2003 की वोटर लिस्ट में अपना नाम खोज सकेंगे।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि प्रदेश में आगामी 10 जनवरी तक बीएलओ आउटरीच अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर उनकी 2003 की मतदाता सूची में दर्ज जानकारी का मिलान कर रहे हैं। अभियान के दौरान यह सामने आया कि कई मतदाताओं को अपने वर्ष 2003 के पोलिंग बूथ की सटीक जानकारी नहीं है।
इसी समस्या के समाधान के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर वर्ष 2003 की मतदाता सूची को नए और सरल यूजर इंटरफेस के साथ उपलब्ध कराया गया है। पहले से मौजूद सुविधा के अंतर्गत मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, अपने नाम तथा पिता/पति के नाम के आधार पर मतदाता क्रमांक और बूथ संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते थे। अब नए फीचर के माध्यम से गली, मोहल्ले और एरिया के नाम से भी मतदाता सूची खोजी जा सकेगी।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आम जन से अपील की है कि वे बीएलओ को अपेक्षित जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ द्वारा हर मतदाता से समन्वय, संवाद और पहुंच बनाई जा रही है।




