उत्तराखण्ड
अयोध्या में देवभूमि की पहचान, रुद्रपुर में युवाओं को मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उत्तराखंड में विकास परियोजनाओं को सांस्कृतिक पहचान, जनोपयोगिता और युवा प्रतिभाओं से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में अयोध्याधाम में प्रस्तावित उत्तराखंड राज्य अतिथि गृह और रुद्रपुर के मोदी मैदान में प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स प्रमुख रूप से शामिल रहे।
अयोध्या में करीब 67.83 करोड़ रुपये (6783.33 लाख रुपये) की अनुमानित लागत से उत्तराखंड का राज्य अतिथि गृह प्रस्तावित है। इसे केवल ठहरने की सुविधा के रूप में नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के परिचय केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। भवन की डिजाइन में पारंपरिक पहाड़ी वास्तुशैली को प्रमुखता देने के निर्देश दिए गए हैं। आंतरिक सज्जा में भी उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान को प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रस्तावित अतिथि गृह के अलग-अलग तल अलग-अलग थीम पर आधारित होंगे। इनमें ओम पर्वत, ग्लेशियर, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और पंचाचूली पर्वत शिखर जैसे उत्तराखंड के प्रमुख प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक प्रतीकों को शामिल करने की योजना है। इसका उद्देश्य अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति और स्थापत्य से परिचित कराना है।
परियोजना की मूल योजना में शामिल बारात घर को हटाने का निर्णय लिया गया है। इसके स्थान पर भवन को अतिथि गृह की आवश्यकताओं और निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। निर्माण में गुणवत्ता, उपयोगिता और आकर्षक स्वरूप पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
रुद्रपुर में बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
वहीं, उधमसिंहनगर के रुद्रपुर स्थित मोदी मैदान में इंडोर एवं आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की तैयारी है। परियोजना का पूर्व आगणन 2374.56 लाख रुपये था, जिसे संशोधित कर 2332.05 लाख रुपये किया गया है। संशोधित प्रस्ताव को विभागीय व्यय समिति की प्रक्रिया में आगे बढ़ाया गया है।
इंडोर परिसर में पहले प्रस्तावित स्क्वैश और बिलियर्ड्स के स्थान पर जिम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन को शामिल किया गया है। आउटडोर परिसर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, पिकलबॉल और टेनिस की सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इसके अलावा करीब एक किलोमीटर लंबा साइकिलिंग रूट और ट्रैक पाथ भी विकसित किया जाएगा। खिलाड़ियों और आगंतुकों के लिए पर्याप्त टॉयलेट तथा चेंजिंग रूम की व्यवस्था का भी प्रावधान है।
संशोधित प्रस्ताव में लागत को नियंत्रित करने के साथ सुविधाओं को अधिक उपयोगी बनाने पर जोर दिया गया है। बाउंड्रीवाल की ऊंचाई कम कर उसके स्थान पर लोहे की ग्रिल लगाने का प्रावधान किया गया है। टीएसी और नियोजन विभाग द्वारा आगणन के परीक्षण के बाद 14 अगस्त 2026 को हुई विभागीय व्यय समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुसार प्रस्ताव में संशोधन किए गए। समिति ने संशोधित आगणन पर सैद्धांतिक सहमति देते हुए इसे व्यय वित्त समिति के अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने का निर्णय लिया।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि विकास परियोजनाएं ऐसी हों, जो गुणवत्तापूर्ण होने के साथ उपयोगी भी साबित हों। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य की परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और जनोपयोगी बनाने पर विशेष फोकस है। अयोध्या का अतिथि गृह उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा, जबकि रुद्रपुर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स युवाओं और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।




