उत्तराखण्ड
छत्तीसगढ़ में केंद्र की विकास परियोजनाओं का जायजा लेगा उत्तराखंड के पत्रकारों का दल।

संवादसूत्र देहरादून/रायपुर: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून द्वारा उत्तराखंड के मीडिया प्रतिनिधियों के लिए आयोजित पांच दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रेस टूर के तहत 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल सोमवार को रायपुर पहुंचा। इस अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य पत्रकारों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी प्रगति और नवाचारों का जमीनी स्तर पर प्रत्यक्ष अवलोकन कराना है।
प्रेस टूर के दौरान उत्तराखंड के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की प्रमुख परियोजनाओं और राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों का दौरा करेंगे। प्रतिनिधिमंडल एसईसीएल बिलासपुर, एनटीपीसी और बीएएलसीओ (BALCO) कोरबा, 40 किलोवाट सौर परियोजना, जनजातीय संग्रहालय और सिरपुर का भ्रमण करेगा। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का अवलोकन करने के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट भी प्रस्तावित है।
पीआईबी देहरादून की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर का उद्देश्य क्षेत्रीय पत्रकारों को देश में चल रही प्रमुख विकास गतिविधियों और उनकी जमीनी स्थिति से रूबरू कराना है। भ्रमण के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को आधारभूत संरचना, ऊर्जा, सौर परियोजनाओं, जनजातीय संस्कृति, अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों को नजदीक से देखने का अवसर मिलेगा।
पीआईबी चयनित परियोजना स्थलों पर इस तरह के प्रेस टूर आयोजित करता है, ताकि पत्रकार देश में संचालित विकास गतिविधियों का प्रत्यक्ष अध्ययन कर सकें और उनकी जनहित एवं राष्ट्रहित में उपयोगिता को बेहतर ढंग से समझ सकें। इन यात्राओं के माध्यम से सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रामाणिक जानकारी मीडिया के जरिए आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।
पीआईबी देहरादून के प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि यह प्रेस टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे पत्रकारों को छत्तीसगढ़ में संचालित प्रमुख परियोजनाओं और केंद्र सरकार की उपलब्धियों की गहन, सटीक एवं प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस टूर का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच मजबूत सेतु तैयार करना है। अध्ययन यात्रा के माध्यम से पत्रकारों को अत्याधुनिक तकनीक, आधारभूत ढांचे की प्रगति और जमीनी स्तर पर हो रहे बदलावों को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।
सुंद्रियाल ने बताया कि पीआईबी देहरादून द्वारा इससे पहले भी हैदराबाद, ओडिशा और विशाखापट्टनम में प्रेस टूर आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अध्ययन भ्रमणों के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधियों को विकास कार्यों और नवाचारों का प्रत्यक्ष अनुभव मिलता है, जिससे वे इनसे जुड़ी सटीक और प्रामाणिक जानकारी पाठकों तक पहुंचा सकें।




