उत्तराखण्ड
देवप्रयाग के 68 मेधावी विद्यार्थी करेंगे भारत दर्शन, 16 सितंबर को होंगे रवाना।


संवादसूत्र देहरादून/कीर्तिनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत भ्रमण पर जाने वाले 68 मेधावी विद्यार्थियों के दल से भेंट की। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी यात्रा और तैयारियों की जानकारी ली तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। विद्यार्थियों का दल 16 सितंबर को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान को कक्षा की सीमाओं से बाहर ले जाकर उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में मदद करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भ्रमण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं को समझने, वहां की उपलब्धियों से सीखने और अपने अनुभव साथियों के साथ साझा करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश के बड़े और प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। विद्यार्थियों को जीवन में उद्देश्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करना चाहिए और गुरुजनों तथा माता-पिता के प्रति सम्मान बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि इतिहास बनाने वाले लोगों ने सामान्य से असामान्य बनने के लिए लगातार प्रयास किया है। दृढ़ संकल्प और ईमानदार प्रयास से सफलता की राह में कोई बाधा स्थायी नहीं रह सकती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। इसी दिशा में उत्तराखंड को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून भी लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण निर्णय अन्य राज्यों के लिए उदाहरण बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की पहल के लिए विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार 10 वर्षों तक इस प्रकार के कार्यक्रम का संचालन अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। इस पहल से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करना उनके लिए गर्व और ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकास में मुख्यमंत्री का लगातार सहयोग मिला है। भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की शुरुआत में कई कठिनाइयां आईं, लेकिन आज इसके सकारात्मक परिणाम सामने हैं। इस पहल से विद्यार्थियों में बेहतर प्रदर्शन की प्रतिस्पर्धा विकसित हुई है और कई विद्यार्थी अब 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख कीर्तिनगर अंचला खण्डेलवाल, प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्तिनगर राकेश मोहन मैठाणी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




