उत्तराखण्ड
पर्यटन सीजन में जाम से राहत की तैयारी, पहाड़ में 63 पार्किंग परियोजनाएं पूरी।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच प्रदेश सरकार ने पार्किंग सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया है। ट्रैफिक जाम से राहत और चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए आवास विभाग की ओर से पर्वतीय जिलों में 63 पार्किंग परियोजनाओं का कार्य पूरा किया गया है। इन परियोजनाओं से कुल 4202 वाहनों के लिए पार्किंग क्षमता विकसित हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ पर्यटक और यात्री सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आवास विभाग ने पर्वतीय जनपदों के प्रमुख शहरों, तीर्थस्थलों और पर्यटन केंद्रों में पार्किंग नेटवर्क विकसित किया है। स्थान की उपलब्धता के अनुसार सरफेस पार्किंग, बहुमंजिला पार्किंग और ऑटोमेटेड पार्किंग का निर्माण किया गया है।
आवास विभाग के अनुसार अल्मोड़ा में सर्वाधिक 1087 वाहनों की क्षमता विकसित की गई है। नैनीताल में 679, चंपावत में 600, उत्तरकाशी में 477, पिथौरागढ़ में 309, रुद्रप्रयाग में 304, पौड़ी में 256, चमोली में 201, टिहरी में 163 और बागेश्वर में 126 वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की गई है। इन पार्किंग स्थलों के संचालन से पर्वतीय शहरों में सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने और जाम की समस्या में राहत मिली है।
नैनीताल में 700 वाहनों की पार्किंग
सरोवर नगरी नैनीताल में पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए मेट्रोपोल होटल परिसर क्षेत्र में पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इसके तैयार होने के बाद यहां करीब 700 वाहन पार्क किए जा सकेंगे। इससे पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कैंची धाम में बनेगी बहुमंजिला पार्किंग
कैंची धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इसमें एक समय में 500 से अधिक वाहन पार्क किए जा सकेंगे। इससे कैंची धाम और आसपास के क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में प्रदेश में पार्किंग सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी गई है। पर्वतीय जनपदों में 63 पार्किंग परियोजनाओं का कार्य पूरा होने से पार्किंग की समस्या काफी हद तक दूर हुई है। इसका लाभ पर्यटकों और श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों को भी मिल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश-दुनिया के पर्यटकों और श्रद्धालुओं का पसंदीदा गंतव्य बन गया है। पिछले वर्ष छह करोड़ से अधिक लोग प्रदेश पहुंचे। इसे देखते हुए सरकार लगातार यात्री सुविधाओं का विस्तार कर रही है। जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों और चारधाम यात्रा मार्गों पर पार्किंग सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। आवास विभाग समेत अन्य एजेंसियां इस दिशा में लगातार कार्य कर रही हैं।




