उत्तराखण्ड
नीट की तैयारी कर रही युवती ने की आत्महत्या, कमरे से मिला सुसाइड नोट।

संवादसूत्र देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही 23 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रिया कुमारी (23 वर्ष) के रूप में हुई है। रिया अपने घर के कमरे में फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने जब उसे देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर उसकी सामग्री की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिया नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी और पढ़ाई में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान और हताश थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सुसाइड नोट की सामग्री, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों को भी जांच में शामिल किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।




