उत्तराखण्ड
किच्छा में बन रहा एम्स सैटेलाइट सेंटर: जुलाई तक निर्माण पूरा, अगस्त से ओपीडी शुरू करने का लक्ष्य।


संवादसूत्र देहरादून: किच्छा में निर्माणाधीन एम्स सैटेलाइट सेंटर का गुरुवार को मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल भवन का कार्य हर हाल में जुलाई 2026 तक पूर्ण किया जाए, ताकि अगस्त माह से ओपीडी सेवाएं शुरू की जा सकें।
करीब 351 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस 280 बेड के आधुनिक चिकित्सा संस्थान का लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने श्रमिकों और उपकरणों की संख्या बढ़ाकर कार्य में गति लाने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए।
अभियंताओं के अनुसार अस्पताल परिसर में 250 बेड, 10 ऑपरेशन थिएटर, 30 आईसीयू बेड, डायग्नोस्टिक लैब, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स तथा इमरजेंसी एवं ट्रॉमा जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही परिसर में सराय और शॉपिंग कॉम्पलेक्स भी बनाए जा रहे हैं।
एम्स ऋषिकेश की निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने बताया कि यदि जुलाई तक निर्माण कार्य पूरा होकर संस्थान हस्तगत हो जाता है, तो अगस्त 2026 से ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।
सिंचाई विभाग द्वारा अस्पताल के लिए तीन एप्रोच गेट्स पर पुलिया और नाला निर्माण का कार्य भी जुलाई से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
इस मौके पर मंडलायुक्त, जिलाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




