आपदा
ऑरेंज अलर्ट के बीच आपदा सचिव सख्त, जनपदों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: प्रदेश में मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट और रविवार को विभिन्न जनपदों में आए आंधी-तूफान व बारिश के बाद आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की गहन समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सोमवार और मंगलवार को भी ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा, ऐसे में सभी जनपदों को पूरी सतर्कता बरतनी होगी। राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों के माध्यम से मौसम से जुड़ी हर सूचना तुरंत आम जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोग समय रहते सावधानी बरत सकें।
मौसम विभाग के अनुसार 4 मई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत में तथा 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में खराब मौसम की आशंका है। इस दौरान तेज बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
सचिव ने निर्देश दिए कि जहां भी सड़कों पर बाधा आई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द खोला जाए। अधिकांश मार्गों को बहाल कर दिया गया है, जबकि बाकी को भी जल्द सुचारु करने के आदेश दिए गए हैं।
चारधाम यात्रा को देखते हुए हेलीकॉप्टर सेवाओं के संचालन पर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। खराब मौसम में उड़ानों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।




