उत्तराखण्ड
सोलर लाइट, पेयजल और केदारनाथ मास्टर प्लान समेत कई परियोजनाओं को ₹676 करोड़ की मंजूरी।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों हेतु ₹676 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शहरी स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों तथा जनहित से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा नगर निगम क्षेत्र में 200 सोलर लाइटों की स्थापना के लिए ₹35 लाख तथा नगर पंचायत चमियाला में सेंट्रल कंट्रोल मॉनिटरिंग सिस्टम (CCMS) और एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए ₹3.07 करोड़ मंजूर किए हैं।
देहरादून नगर निगम क्षेत्र में घंटाघर से बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक से प्रिंस चौक, प्रिंस चौक से सहारनपुर चौक, बल्लूपुर चौक तथा तपोवन चौक से लाडपुर चर्च तक सीसीएमएस आधारित एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए ₹1.95 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़ नगर निगम में एलईडी स्ट्रीट लाइट एवं सीसीएमएस पैनल के लिए ₹1.99 करोड़ तथा देहरादून नगर निगम में अतिरिक्त एलईडी स्ट्रीट लाइट एवं सीसीएमएस पैनल के लिए ₹3.93 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नैनीताल की कृष्णापुर पेयजल योजना हेतु ₹2.13 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
ऊर्जा क्षेत्र में कुमाऊं मंडल के 33/11 केवी सब-स्टेशनों एवं संबंधित विद्युत लाइनों के निर्माण के लिए ₹2 करोड़, यूजेवीएनएल की तीन परियोजनाओं के लिए पहली किस्त के रूप में ₹23.10 करोड़ तथा केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत 33/11 केवी उपकेंद्र और विद्युत लाइनों के निर्माण के लिए ₹212.10 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में विज्ञान संकाय के पीजी भवन निर्माण के लिए ₹19 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के आधार पर प्रदेश की सभी जिला पंचायतों को दूसरी तिमाही की किस्त के रूप में ₹82.21 करोड़ तथा सभी शहरी स्थानीय निकायों को ₹325.03 करोड़ जारी करने को भी मुख्यमंत्री ने मंजूरी प्रदान की है। सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।




