उत्तराखण्ड
पौड़ी को 110 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण

संवादसूत्र देहरादून/पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पौड़ी गढ़वाल जनपद के भ्रमण के दौरान श्रीनगर रोड स्थित आधुनिक जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया तथा रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद को 110.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 14 योजनाओं का शिलान्यास और पांच योजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने विज्ञान संग्रहालय का अवलोकन करते हुए वहां स्थापित विज्ञान आधारित गतिविधियों, इंटरएक्टिव मॉडलों और प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक विज्ञान शिक्षण एवं नवाचार केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहां बच्चे विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संग्रहालय जनपद में वैज्ञानिक चेतना, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देगा।
संग्रहालय भ्रमण के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री को वैज्ञानिक प्रदर्शनों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विज्ञान, अंतरिक्ष, ऊर्जा, पर्यावरण और तकनीकी नवाचारों से संबंधित प्रदर्शनों का अवलोकन करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान बच्चों में जिज्ञासा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा रामलीला मैदान में कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कंडोलिया महोत्सव को सरकारी कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कंडोलिया महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई विकास योजनाएं क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और राज्य सरकार विकास को पर्वतीय क्षेत्रों के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हाउस ऑफ हिमालय, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति, स्वरोजगार और होमस्टे योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है तथा पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सनातन संस्कृति और सामाजिक सौहार्द की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी, एनआईटी परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, सिंगटाली पुल, पौड़ी-श्रीनगर मार्ग चौड़ीकरण, झील निर्माण, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक और खेल अवस्थापना परियोजनाएं क्षेत्र के विकास, रोजगार और पर्यटन को नई दिशा देंगी।
कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी, विधायक दलीप सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पंडित राजेंद्र अण्थवाल, जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।




