उत्तराखण्ड
स्वच्छता और हरित का संदेश, मुख्यमंत्री ने किया पौधरोपण।

संवादसूत्र देहरादून/खटीमा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित पूर्णागिरि मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वच्छ और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प ले तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित विषय नहीं हैं, बल्कि जनसहभागिता से ही इन्हें व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है। उन्होंने लोगों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से सभी को पौधरोपण और स्वच्छता गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश देते हुए पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।




