उत्तराखण्ड
रुद्रपुर में शहीद ऊधम सिंह की कांस्य प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री ने दी विकास परियोजनाओं की सौगात।

संवादसूत्र देहरादून/रुद्रपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुद्रपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि पर उनकी 9 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। लगभग ₹40 लाख की लागत से स्थापित इस प्रतिमा पर मुख्यमंत्री ने पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीद को श्रद्धांजलि दी और उनके साहस, राष्ट्रभक्ति तथा सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन देशभक्ति, आत्मसम्मान और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का अमर प्रतीक है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनसुविधाओं को मजबूत करने वाली कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने ₹120.18 लाख की लागत से कलेक्ट्रेट परिसर में निर्मित पार्किंग, लैंडस्केपिंग और ड्रेन निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। साथ ही रुद्रपुर की कैनाल कॉलोनी में ₹264.97 लाख की लागत से बनने वाली सरफेस पार्किंग का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और जल निकासी सुविधाओं में सुधार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को उनका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से पंजाब में रह रहे शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से भी बातचीत की और उनके बलिदान को नमन किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




