आपदा
केदारनाथ पैदल मार्ग पर बोल्डर गिरने से घोड़ा-डंडी सेवा बाधित, पैदल आवाजाही जारी।
संवादसूत्र देहरादून/रुद्रप्रयाग: केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर जंगलचट्टी के पास पोल संख्या 98-99 के बीच बोल्डर और पत्थर गिरने से मार्ग का एक हिस्सा शुक्रवार को प्रभावित हो गया। घटना के कारण एहतियातन घोड़ा, डंडी और कंडी सेवाओं का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जबकि पैदल यात्रियों की आवाजाही सुचारु रूप से जारी है।

जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) के अनुसार, घटनास्थल पर DDRF, पुलिस चौकी जंगलचट्टी तथा MTF भीमबली की टीमें तैनात हैं और सुरक्षा व्यवस्था के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
लोक निर्माण विभाग, गुप्तकाशी के निर्माण खंड के कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि मार्ग को शीघ्र बहाल करने के लिए 14 श्रमिकों को लगाया गया है। क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और मार्ग को पूरी तरह सुचारु करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद घोड़ा, डंडी और कंडी सेवाओं का संचालन भी पुनः शुरू कर दिया जाएगा।




