उत्तराखण्ड
खटीमा में गरजे मुख्यमंत्री: “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” से गिनाईं विकास और जनकल्याण की उपलब्धियां।




संवादसूत्र देहरादून/खटीमा, 14 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान रविवार को शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान, बगुलिया में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पारदर्शिता और तकनीक के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करते हुए योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याण से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा ग्रामोत्थान परियोजना के तहत संचालित दीदी कैफे का फीता काटकर शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नकल विरोधी कानून को राज्य सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां बताते हुए कहा कि इन कदमों से युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और सुशासन को मजबूत करने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है तथा भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम इसी सोच को साकार कर रहा है।
खटीमा को अपना परिवार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने लोगों से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि धामी सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का खटीमा से विशेष भावनात्मक जुड़ाव है और उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और सहकारिता विभाग द्वारा कई लाभार्थियों को आर्थिक सहायता, उपकरण, अनुदान और ऋण वितरण किया गया।
इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




