उत्तराखण्ड
जमरानी बहुउद्देशीय बांध बनेगा विकास की धुरी: मुख्यमंत्री।

संवादसूत्र देहरादून/नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद भ्रमण के दौरान गोला नदी पर सिंचाई एवं पेयजल आपूर्ति के उद्देश्य से निर्माणाधीन जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना स्थल पर उपस्थित अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों से निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने परियोजना की समयबद्धता, गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने परियोजना से जुड़े अन्य निर्माण कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण और निरंतर संवाद से परियोजना से जुड़ी पर्यावरणीय एवं तकनीकी बाधाओं का समाधान संभव हो सका है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा क्षेत्रवासियों की दशकों पुरानी मांग को स्वीकृति देकर यह परियोजना एक ऐतिहासिक सौगात के रूप में दी गई है। उन्होंने परियोजना को आगे बढ़ाने में सहयोग देने वाले स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों का भी धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार शब्दों में नहीं, बल्कि कार्यों में विश्वास करती है। जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा या धनराशि की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना राज्य की समृद्धि का प्रतीक है। इससे सिंचाई एवं पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ होगी, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मांग के अनुरूप परियोजना से विद्युत उत्पादन की संभावनाओं को लेकर केन्द्र सरकार से वार्ता की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से उत्तराखण्ड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के किसानों और क्षेत्रवासियों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्र में आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर जमरानी बांध परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत निर्मित की जा रही दो टनलों का कार्य लगभग 88 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। नदी के जल प्रवाह के डायवर्जन के लिए कॉफर डैम का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि जून 2026 तक टनल एवं कृत्रिम डैम का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा तथा इसके पश्चात मानसून के दौरान नदी का जल टनलों के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। परियोजना का संपूर्ण निर्माण कार्य जून 2029 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर विधायक कालाढुंगी बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्य, नवीन वर्मा, दीपक मेहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, के.डी. रूबाली, मण्डलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्रीय नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




