उत्तराखण्ड
हर ब्लॉक में बनेंगे मिनी स्टेडियम, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा के बजट सत्र में जानकारी दी कि प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट में प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल की सफल मेजबानी के बाद राज्य में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ा है। इस आयोजन में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था, जिससे राज्य को “खेलभूमि” के रूप में नई पहचान मिली।
सरकार अब इस उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है। राष्ट्रीय खेलों के लिए विकसित अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल ढांचे के बेहतर उपयोग के लिए सरकार लेगेसी पॉलिसी पर भी काम कर रही है। इसके तहत इन खेल परिसरों को खेल अकादमियों के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि राज्य की प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके।
प्रश्नकाल के दौरान खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए लगभग 1.18 एकड़ भूमि की आवश्यकता होती है। प्रत्येक मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये का प्रावधान रखा गया है।
सरकार का मानना है कि हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनने से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर खेल सुविधाएं मिलेंगी और नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।




