उत्तराखण्ड
ऑपरेशन कालनेमि: देवभूमि की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों पर सख़्त प्रहार।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार देवभूमि की सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक अस्मिता की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि उत्तराखंड केवल एक भौगोलिक राज्य नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, परंपरा और विश्वास का केंद्र है, जिसकी गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इसी नीति के तहत राज्य सरकार ने धर्म और आस्था की आड़ में हो रहे पाखंड, ठगी, अवैध गतिविधियों और संदिग्ध तत्वों के विरुद्ध “ऑपरेशन कालनेमि” को 10 जुलाई से प्रदेशभर में प्रभावी रूप से लागू किया है। इस अभियान का उद्देश्य देवभूमि की पवित्रता बनाए रखते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और जनता के विश्वास की रक्षा करना है।
तीन जनपदों में सघन सत्यापन और प्रवर्तन
ऑपरेशन कालनेमि के अंतर्गत हरिद्वार, देहरादून और ऊधमसिंहनगर जैसे संवेदनशील जनपदों में व्यापक स्तर पर सत्यापन एवं कार्रवाई की गई—
हरिद्वार: 3,091 व्यक्तियों का सत्यापन, 715 मामलों में अभियोग पंजीकृत, 305 गिरफ्तारियाँ
देहरादून: 1,711 सत्यापन, 206 गिरफ्तारियाँ, 9 अभियोग पंजीकृत, 380 के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई
ऊधमसिंहनगर: 220 संदिग्ध व्यक्तियों पर प्रभावी कार्रवाई, गंभीर मामलों में अभियोग दर्ज
प्रदेश स्तर पर अब तक 4,802 से अधिक व्यक्तियों का सत्यापन, 724 अभियोग पंजीकरण और 511 गिरफ्तारियाँ की जा चुकी हैं।
अवैध विदेशी नागरिकों पर सख़्ती
अभियान के दौरान अवैध रूप से रह रहे 19 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 10 को डिपोर्ट किया जा चुका है, जबकि शेष 9 मामलों में विधिक प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी वर्ग या समुदाय के विरुद्ध नहीं, बल्कि कानून, व्यवस्था और देवभूमि की गरिमा की रक्षा के लिए है। आस्था का सम्मान किया जाएगा, लेकिन आस्था की आड़ में अपराध, पाखंड और धोखाधड़ी को किसी भी परिस्थिति में संरक्षण नहीं मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसी गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त न की जाए। देवभूमि की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक मूल्यों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध है, और ऑपरेशन कालनेमि इसी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।




