उत्तराखण्ड
संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान की पुस्तक ‘पहलगाम… जब समय थम गया’ का विमोचन, मुख्यमंत्री को भेंट की प्रति।


संवादसूत्र देहरादून: पहलगाम में पर्यटकों पर हुए बर्बर हमले की पहली बरसी पर बुधवार को ‘पहलगाम… जब समय थम गया’ पुस्तक सार्वजनिक की गई। इस पुस्तक के लेखक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान हैं, जो घटना के दिन अपने परिवार के साथ पहलगाम में मौजूद थे।
लेखक ने उस भयावह दिन के अपने व्यक्तिगत अनुभवों, माहौल और घटनाक्रम को पुस्तक के रूप में प्रस्तुत किया है। पुस्तक में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले के दौरान की परिस्थितियों का विस्तृत वर्णन किया गया है, साथ ही अंत में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी उल्लेख किया गया है।
बुधवार को के.एस. चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर अपनी पुस्तक की प्रति उन्हें भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहलगाम में एक वर्ष पूर्व हुआ आतंकी हमला पूरे देश को झकझोर देने वाला था। उन्होंने हमले में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत द्वारा चलाया गया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ देश की शक्ति और संकल्प का प्रतीक है, जिसने विश्व पटल पर भारत की दृढ़ता को प्रदर्शित किया।




