उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने सुनीं जन समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय, गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी जन समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जन समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो तथा संबंधित लोगों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास है।
इस दौरान केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर इस वर्ष की केदारनाथ एवं चारधाम यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की निरंतर निगरानी और बेहतर प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
वहीं विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बुग्याल उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनसे स्थानीय लोगों की आजीविका और पर्यटन गतिविधियां जुड़ी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय रोजगार और पर्यटन विकास के बीच संतुलित दृष्टिकोण से पर्वतीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी।
बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी भी उपस्थित रहे।




