उत्तराखण्ड
बेलनी पुल को यातायात के लिए खोलने की तैयारी तेज, मंगलवार को होगा लोड टेस्ट।

संवादसूत्र देहरादून/रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे को केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण बेलनी पुल को जल्द यातायात के लिए खोलने की तैयारी शुरू हो गई है। पुल का सुरक्षा ऑडिट शुरू कर दिया गया है, जबकि मंगलवार को इसकी लोड टेस्टिंग की जाएगी। परीक्षण प्रक्रिया पूरी होने और सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद ही पुल को आम आवाजाही के लिए खोला जाएगा।
सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के साथ बेलनी पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल से जुड़े शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुल और आसपास की विद्युत व्यवस्था को भी दुरुस्त करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि बेलनी पुल केदारनाथ और बदरीनाथ यात्रा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। निर्माण कार्य की प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से लगातार निगरानी की जाती रही है। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण पुल के कार्य में कुछ देरी हुई है, लेकिन प्रशासन का प्रयास है कि केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं को पुल की सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि बेलनी पुल के शुरू होने से रुद्रप्रयाग नगर में यातायात का दबाव भी कम होगा और यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सुरक्षा परीक्षण और लोड टेस्टिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुल को यातायात के लिए खोलने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




