Connect with us

विश्व मानक दिवस पर स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास में भारतीय मानकों की भूमिका पर जोर।

उत्तराखण्ड

विश्व मानक दिवस पर स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास में भारतीय मानकों की भूमिका पर जोर।

संवादसूत्र देहरादून: भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से बुधवार को विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर मोहबेवाला स्थित होटल रीजेंटा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम ‘सतत विकास लक्ष्य-7: सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा’ पर केंद्रित कार्यक्रम में उद्योग जगत, औद्योगिक संगठनों, ज्वेलरी क्षेत्र और बीआईएस के लाइसेंसधारकों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर सचिव रुचि मोहन रयाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अनुपम द्विवेदी सहित इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, पीएचडीसीसीआई और यूआईडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के उपयोग में भारतीय मानकों की भूमिका के प्रति जागरूकता विकसित करना था। इस दौरान एक्साइड, माइक्रोटेक, नोवाट्योर और मोचिको के विशेषज्ञों ने स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। इनमें आधुनिक ऊर्जा तकनीकों, ऊर्जा दक्षता और सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में गुणवत्ता एवं मानकीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

गुणवत्ता और मानकों के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान उद्योग संगठनों, ज्वेलरी एसोसिएशन, प्रमुख बीआईएस लाइसेंसधारकों और बीआईएस मेंटर्स को गुणवत्ता पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने, भारतीय मानकों के प्रचार-प्रसार और गुणवत्ता संस्कृति को प्रोत्साहित करने में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य उद्योगों और अन्य हितधारकों को गुणवत्ता, उपभोक्ता सुरक्षा तथा मानकों के अनुपालन के प्रति प्रोत्साहित करना था।

बीआईएस देहरादून शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत आड़े ने भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने, उद्योगों के लिए ईज ऑफ कम्प्लायंस को बढ़ावा देने और हॉलमार्किंग व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने बीआईएस प्रमाणन और हॉलमार्किंग के माध्यम से उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने तथा उद्योगों में गुणवत्ता के उच्च स्तर को सुनिश्चित करने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।

स्वच्छ ऊर्जा के लिए गुणवत्ता मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी

कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने, ऊर्जा संरक्षण को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण के अनुकूल प्रौद्योगिकियों के विकास के लिए गुणवत्ता मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। इसके लिए उद्योगों, सरकारी विभागों, मानक विशेषज्ञों और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय को महत्वपूर्ण बताया गया।

विश्व मानक दिवस 2026 का यह आयोजन गुणवत्ता, नवाचार, ऊर्जा दक्षता और सतत विकास के प्रति भारतीय मानक ब्यूरो की प्रतिबद्धता को रेखांकित करने के साथ ही उद्योग जगत और अन्य हितधारकों के बीच सहयोग मजबूत करने की दिशा में एक पहल रहा।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]