उत्तराखण्ड
प्रशासन का मानवीय संबल: विधवा शांति राणा को 4 लाख की राहत, बेटी की पढ़ाई 12वीं तक सुरक्षित।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने आर्थिक संकट से जूझ रही विधवा शांति राणा को बड़ी राहत देते हुए सीएसआर फंड से 4 लाख रुपये की सहायता उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की है, जिससे उनके पति द्वारा ई-रिक्शा हेतु लिया गया बैंक ऋण पूर्ण रूप से समाप्त हो गया है।
इसके साथ ही शांति राणा की कक्षा 8 में अध्ययनरत पुत्री अंशिका की कक्षा 12वीं तक की शिक्षा सुनिश्चित करते हुए 1.62 लाख रुपये की फीस एकमुश्त सीधे स्कूल प्रबंधन के खाते में जमा कराई गई है। इस सहायता से मां और बच्चे आर्थिक बोझ से मुक्त हो गए हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में शांति राणा ने अपनी व्यथा साझा की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर त्वरित जांच कर राहत सुनिश्चित की गई। प्रशासन ने शांति राणा को रोजगार से जोड़ने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है तथा उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संकटग्रस्त परिवारों को मानवीय आधार पर हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।




