उत्तराखण्ड
रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को 300 बेड एवं 100 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति।

संवादसूत्र देहरादून/ऊधमसिंह नगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सशक्त मार्गदर्शन तथा चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के स्पष्ट दिशा-निर्देशों में उत्तराखंड ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
एक जनपद–एक मेडिकल कॉलेज के लक्ष्य की ओर अग्रसर धामी सरकार ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर को 300 बेड के चिकित्सालय तथा 100 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति प्रदान की है।
इस मेडिकल कॉलेज के प्रारंभ होने से तराई–भाबर क्षेत्र, सीमांत जनपदों और पर्वतीय क्षेत्रों के लाखों लोगों को सुलभ, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह संस्थान न केवल बेहतर उपचार सुविधाओं का केंद्र बनेगा, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों, आपदा प्रबंधन और रोजगार सृजन के क्षेत्र में भी राज्य को नई मजबूती प्रदान करेगा।
राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर, उत्तराखंड की स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक दूरदर्शी और प्रभावी कदम है, जो स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार—तीनों क्षेत्रों में राज्य के समग्र विकास में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
300 बेड चिकित्सालय के संचालन से क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा। मरीजों को जांच, उपचार और देखभाल की बेहतर व्यवस्थाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे उपचार की गुणवत्ता में निरंतर सुधार होगा और आम जनता को समयबद्ध व भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
24×7 आपातकालीन एवं गंभीर रोगों का उपचार
मेडिकल कॉलेज में 24×7 आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध होने से दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों एवं जटिल मामलों में त्वरित उपचार संभव हो सकेगा। एक ही संस्थान में इमरजेंसी एवं विशेष चिकित्सा सुविधा मिलने से मरीजों को तत्काल राहत मिलेगी।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्थायी तैनाती
विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्थायी उपलब्धता से अब मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों या अन्य राज्यों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे समय और धन की बचत के साथ-साथ निरंतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा परामर्श भी उपलब्ध होगा।
सिडकुल क्षेत्र के कर्मचारियों को बड़ी राहत
रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के संचालन से उधमसिंहनगर जनपद के सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत औद्योगिक श्रमिकों एवं कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब दुर्घटना, गंभीर बीमारी या आपातकालीन स्थिति में इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
300 बेड चिकित्सालय में 24×7 आपातकालीन सेवाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से कर्मचारियों तथा उनके परिवारों को नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी।
सीमांत, ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों को सीधा लाभ
दो राज्यों का सीमांत क्षेत्र होने के कारण अब तक मरीजों को इलाज के लिए अन्य राज्यों में जाना पड़ता था। राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर के संचालन से उन्हें नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
इससे सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी पर मरीजों का दबाव कम होगा तथा गंभीर रोगियों को दिल्ली या देहरादून रेफर करने की मजबूरी में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों और आपदा प्रबंधन को मजबूती
यह मेडिकल कॉलेज टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, संक्रामक रोग नियंत्रण जैसे जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएगा। साथ ही आपदा की स्थिति में त्वरित और कुशल चिकित्सा प्रतिक्रिया संभव होगी, जिससे जनहानि को न्यूनतम किया जा सकेगा।
चिकित्सा शिक्षा में नए अवसर
प्रत्येक वर्ष 100 एमबीबीएस सीटों की उपलब्धता से उत्तराखंड सहित देशभर के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे। यह संस्थान राज्य को चिकित्सा शिक्षा के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।
रोजगार सृजन और पलायन में कमी
मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ नर्सिंग कॉलेज, पैरामेडिकल, फार्मेसी एवं फिजियोथेरेपी जैसे सहबद्ध संस्थानों की स्थापना की संभावनाएं भी सशक्त हुई हैं। इससे चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र में पलायन की समस्या कम होगी।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार एक जनपद–एक मेडिकल कॉलेज के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर का संचालन उत्तराखंड के स्वास्थ्य तंत्र को नई दिशा देगा।
300 बेड चिकित्सालय और 100 एमबीबीएस सीटों के साथ यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों और आपदा प्रबंधन में राज्य की क्षमता को सशक्त करेगा, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य रैंकिंग में भी सुधार सुनिश्चित होगा।




