उत्तराखण्ड
339 करोड़ की CAMPA कार्ययोजना मंजूर, मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकथाम को प्राथमिकता।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड CAMPA परियोजना संचालन समिति की 12वीं बैठक मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 339 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्ययोजना को मंजूरी दी गई।
बैठक में वन संरक्षण, मृदा एवं जल संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम और वनाग्नि प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। प्रत्येक वन प्रभाग में एक बहुआयामी मृदा-जल संरक्षण प्रकल्प तैयार करने तथा राज्य स्तर पर कम से कम तीन बड़ी एकीकृत जल संरक्षण परियोजनाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए।
मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के तहत 10 नए ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर स्थापित करने के लिए 19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए, जबकि अन्य उपायों के लिए 8.6 करोड़ रुपये का अनुमोदन हुआ।
वन कर्मियों के आवास निर्माण हेतु 10 करोड़ रुपये, वनाग्नि सुरक्षा के लिए 12 करोड़ रुपये तथा जल धाराओं के उपचार के लिए 19.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तृतीय पक्ष निरीक्षण और लेखा परीक्षण की व्यवस्था भी सुदृढ़ की जाएगी।




