उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा के लिए 100% एलपीजी आपूर्ति बनाए रखने का अनुरोध, केंद्र ने दिया सकारात्मक आश्वासन।

संवादसूत्र देहरादून/नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में भेंट कर उत्तराखण्ड से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के सुचारू, सुरक्षित और निर्बाध संचालन के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को पूर्ववत 100 प्रतिशत बनाए रखने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे एलपीजी की मांग में भारी वृद्धि होती है। इस अवधि में राज्य को लगभग 9,67,949 व्यावसायिक सिलेंडरों की आवश्यकता पड़ती है।
उन्होंने यह भी कहा कि जून से सितंबर के बीच मानसून के दौरान राज्य में प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में राहत और बचाव कार्यों के लिए एलपीजी की उपलब्धता बेहद जरूरी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त 5 प्रतिशत (करीब 48,397 सिलेंडर) आवंटन की भी मांग रखी, ताकि आपदा प्रबंधन कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड की पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आस्था, सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख आधार है।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया और राज्य के हितों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।




