उत्तराखण्ड
देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच जल्द शुरू होगी हवाई सेवा, केंद्र ने दिए संकेत।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड के लिए हवाई कनेक्टिविटी के मोर्चे पर बड़ी खबर है। राममोहन नायडू किंजरापु ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच क्षेत्रीय संपर्क योजना (RCS) के तहत उड़ान सेवा जल्द शुरू हो सकती है।
बताया गया है कि इस रूट पर उड़ान संचालन के लिए स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। प्रक्रिया पूरी होते ही कंपनी इस मार्ग पर नियमित आरसीएस उड़ानों का संचालन शुरू करेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा को सुदृढ़ करने का आग्रह किया था। इसके जवाब में केंद्र ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए इस दिशा में तेजी से काम होने की जानकारी दी है। साथ ही केंद्र सरकार अन्य विमानन कंपनियों से भी इस रूट पर सेवा शुरू करने के लिए संपर्क कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड को सहयोग दे रही है। देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू होने से सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी और राज्य की राजधानी से सीधा संपर्क स्थापित होगा।
पीएमजीएसवाई परियोजनाओं को भी मिली राहत
इसी के साथ केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत प्रथम चरण के अवशेष भुगतान के साथ-साथ द्वितीय और तृतीय चरण के कार्यों को पूरा करने की समयसीमा बढ़ाकर मार्च 2027 कर दी है।
इस संबंध में निर्मला सीतारमण ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जानकारी दी है। इससे राज्य में ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को पूरा करने में तेजी आने की उम्मीद है।
सरकार का मानना है कि हवाई और सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने से उत्तराखंड के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।




