उत्तराखण्ड
मुख्य सचिव का लखवाड़ परियोजना पर बड़ा निर्देश, 2031 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य।

संवादसूत्र देहरादून:
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना से जुड़े विभिन्न निर्माण स्थलों का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना राष्ट्रीय महत्व की योजना है, जिससे उत्तराखंड सहित कई राज्यों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। उन्होंने उत्तराखंड जल विद्युत निगम (यूजेवीएनएल) और कार्यदायी संस्था एलएंडटी को निर्देश दिए कि परियोजना का निर्माण वर्ष 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए। उल्लेखनीय है कि पहले परियोजना को दिसंबर 2034 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था।
उन्होंने अधिकारियों से अगले दो-तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा और निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक मशीनरी और मैनपावर बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना की प्रगति की निगरानी के लिए PERT चार्ट तैयार कर उसका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि परियोजना की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अनिवार्य तकनीकी परीक्षण समय पर पूरे कराने तथा केंद्रीय जल आयोग द्वारा अपेक्षित परीक्षणों की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यूजेवीएनएल और एलएंडटी के अधिकारियों को परियोजना स्थल पर नियमित रूप से मौजूद रहकर दैनिक, पाक्षिक और मासिक समीक्षा करने को कहा, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा का समय रहते समाधान किया जा सके।
मुख्य सचिव ने अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे का वितरण शीघ्र पूरा करने और प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक ए.के. सिंह, एलएंडटी के महाप्रबंधक प्रभु कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर विष्णु मोहन श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




