उत्तराखण्ड
स्टार्टअप इंडिया रैंकिंग में उत्तराखण्ड को ‘लीडर’ दर्जा, DPIIT ने किया सम्मानित।

संवादसूत्र देहरादून: भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) द्वारा जारी States’ Startup Ecosystem Ranking (पाँचवाँ संस्करण) में उत्तराखण्ड को मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने के लिए ‘लीडर’ के रूप में मान्यता प्रदान की गई है।
इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार के उद्योग विभाग को Certificate of Appreciation प्रदान किया गया। यह सम्मान राज्य में लागू प्रभावी स्टार्टअप नीतियों, नवाचार को बढ़ावा देने वाले वातावरण, निवेश प्रोत्साहन और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।
इस राष्ट्रीय मान्यता से स्पष्ट होता है कि उत्तराखण्ड ने स्टार्टअप विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और अब राज्य का स्टार्टअप मॉडल देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है।
मुख्यमंत्री का वक्तव्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा—
“यह सम्मान उत्तराखण्ड के लिए गर्व का विषय है। हमारी सरकार ने स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल नीतियाँ, सरल प्रक्रियाएँ और एक मजबूत इकोसिस्टम विकसित किया है। राज्य के युवाओं में नवाचार की अद्भुत क्षमता है और सरकार हर स्तर पर उन्हें सहयोग प्रदान कर रही है। यह उपलब्धि प्रदेश के सभी उद्यमियों, स्टार्टअप्स और अधिकारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।”




