उत्तराखण्ड
नशा मुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की नींव: ललित जोशी।

संवादसूत्र देहरादून: सजग इंडिया, राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण (स्वास्थ्य विभाग, उत्तराखंड) एवं उत्तराखंड पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में संचालित नशा उन्मूलन एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत बुधवार को सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजपुर, देहरादून में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें मानसिक रूप से सशक्त, नैतिक रूप से जागरूक तथा समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी नागरिक बनाना रहा।
कार्यक्रम में शिक्षाविद एवं राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण के सदस्य ललित जोशी ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, पहचान और आत्मबल को कमजोर कर देता है। उन्होंने कहा कि नशे को किसी भी समस्या का समाधान मानना बड़ी भूल है, क्योंकि यह समस्याओं को कम करने के बजाय उन्हें और बढ़ा देता है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए साफ सोच, मजबूत इच्छाशक्ति और सही निर्णय क्षमता अत्यंत आवश्यक है।
ललित जोशी ने कहा कि एक जागरूक, अनुशासित और नशामुक्त युवा ही समाज की वास्तविक शक्ति होता है। नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर परिवार, समाज और राष्ट्र पर भी पड़ता है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, आत्मनियंत्रण, अनुशासन तथा माता-पिता और गुरुजनों के प्रति सम्मान को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सामाजिक कार्यकर्ता ममता पांगती ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज की छात्राएँ ही कल की सशक्त, आत्मनिर्भर और नेतृत्व करने वाली महिलाएँ बनेंगी। नशे से दूर रहना केवल स्वास्थ्य की रक्षा नहीं, बल्कि अपने सपनों और आत्मसम्मान की सुरक्षा भी है। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास विकसित करने, अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को समझने तथा शिक्षा को महिला सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। कई छात्राओं ने कहा कि नशा पढ़ाई और भविष्य को बर्बाद कर देता है, जबकि कुछ ने बताया कि नशे के कारण परिवारों में तनाव और रिश्तों में दूरी आ जाती है।
समापन अवसर पर सक्रिय सहभागिता निभाने वाली छात्राओं को सजग इंडिया की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में सभी छात्राओं ने नशे से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजपुर की प्रधानाचार्या राबिका सिंह, सीनियर शिक्षिका अंशु गुप्ता सहित अनेक छात्राएँ उपस्थित रहीं।




