उत्तराखण्ड
टिहरी लेक फेस्टिवल में पर्यावरण का संदेश, ‘हिमालयन ओ2’ थीम के साथ हरित पहल।

संवादसूत्र देहरादून: पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की दिशा में इस बार टिहरी लेक फेस्टिवल नई पहचान के साथ सामने आया है। पहली बार इस आयोजन के नाम के साथ “हिमालयन ओ2” जोड़ा गया है, जिससे पूरे कार्यक्रम को पर्यावरण संरक्षण की थीम से जोड़ा गया है।
इस बार आयोजन का नाम “हिमालयन ओ2 टिहरी लेक फेस्टिवल” रखा गया है, जिसके माध्यम से पर्यटन के साथ पर्यावरण जागरूकता का संदेश भी दिया जा रहा है। नितिका खंडेलवाल के अनुसार आयोजन की रूपरेखा तैयार करते समय यह विचार सामने आया कि इस मंच के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ाई जाए। इसी उद्देश्य से फेस्टिवल के नाम में “हिमालयन ओ2” जोड़ा गया।
दरअसल, उत्तराखंड सरकार बड़े आयोजनों के साथ पर्यावरण की थीम को जोड़ने की पहल कर रही है। वर्ष 2025 में आयोजित राष्ट्रीय खेल 2025 की थीम भी पर्यावरण आधारित रही थी। उस दौरान हरित वन विकसित करने, खिलाड़ियों को दिए गए मेडल और आयोजन की अन्य गतिविधियों में भी पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पर्यावरण को लेकर देश-दुनिया में बढ़ती चिंता के बीच जागरूकता पर लगातार काम करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से सभी की अपेक्षाएं अधिक हैं और राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए बड़े आयोजनों के साथ पर्यावरण संरक्षण की थीम को जोड़ रही है।




