उत्तराखण्ड
अनुपस्थित मतदाताओं के घर BLA के साथ जाएं BLO, तीन बार करें संपर्क: मुख्य निर्वाचन अधिकारी।

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम एवं भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा की। बैठक में गणना फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी जनपद निर्धारित समयसीमा के भीतर गणना फार्मों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें। जिन जिलों में वितरण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, वहां अब फार्मों के डिजिटाइजेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को बूथवार समीक्षा करने और धीमी प्रगति वाले बूथों पर अतिरिक्त कार्मिकों की तैनाती के निर्देश भी दिए।
डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि घर पर अनुपस्थित मतदाताओं के सत्यापन के लिए बीएलओ और बीएलए संयुक्त रूप से घर-घर जाएं तथा ऐसे मतदाताओं से संपर्क के लिए कम से कम तीन बार विजिट करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में फार्म वितरण कार्य पूरा हो चुका है लेकिन मतदाता उपलब्ध नहीं हैं, वहां डिजिटाइजेशन पूर्ण करने के बाद ऐसे मतदाताओं की सूची संबंधित बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के साथ साझा की जाए। उन्होंने कहा कि एबसेंट, शिफ्टेड, मृत (डेथ) और डुप्लीकेट मतदाताओं से संबंधित मामलों में बीएलओ गणना फार्म पर अपनी फील्ड रिपोर्ट अनिवार्य रूप से दर्ज करें।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) उपस्थित रहे।




