उत्तराखण्ड
त्रिपुरा के छात्र की हत्या पर सख्त सरकार,अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा : मुख्यमंत्री।

संवादसूत्र देहरादून: त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले को उत्तराखंड सरकार ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा है कि प्रदेश में इस तरह की घटनाएं कतई स्वीकार्य नहीं हैं और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार सख्ती से कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाकर कठोर दंड दिलाया जाएगा।
त्रिपुरा के उनकोटी जिले के नंदानगर निवासी छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें दो नाबालिग हैं, जिन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया है। एक अन्य आरोपित अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। फरार आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है तथा उसकी तलाश में पुलिस की एक टीम नेपाल भी भेजी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश पुलिस को दिए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आरोपी जल्द ही पुलिस के शिकंजे में होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रहने वाले प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक छात्र के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।




