उत्तराखण्ड
आईआईएम काशीपुर में ICAL 2026 का आगाज़, भविष्य के पुस्तकालयों पर वैश्विक मंथन।


संवादसूत्र देहरादून/काशीपुर: आईआईएम काशीपुर में एशियन लाइब्रेरीज़ के 9वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ICAL 2026 का भव्य उद्घाटन हुआ। 16 से 18 अप्रैल तक चलने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन का आयोजन एशियन लाइब्रेरी एसोसिएशन, नई दिल्ली के सहयोग से “विकसित होती सूचना परिदृश्य: पुस्तकालयों को भविष्य के लिए तैयार करना” विषय पर किया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डेटा-आधारित शासन के इस दौर में पुस्तकालयों की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने तक्षशिला और नालंदा जैसी भारत की ऐतिहासिक ज्ञान परंपराओं का उल्लेख करते हुए पुस्तकालयों को आधुनिक, सुलभ और तकनीक-सक्षम ज्ञान केंद्रों के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पुस्तकालय अवसंरचना को मजबूत करने और समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है, जिससे समाज के हर वर्ग तक ज्ञान की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर नीरज द्विवेदी, दीपक रावत, नितिन सिंह भदौरिया, अजय गणपति, एशियन लाइब्रेरी एसोसिएशन के अध्यक्ष आर. के. शर्मा तथा प्रो. ए. वी. रमण सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह सम्मेलन एशिया के विभिन्न देशों से आए विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और पुस्तकालय विज्ञान के पेशेवरों को एक मंच पर लाकर ज्ञान, नवाचार और तकनीकी बदलावों पर व्यापक चर्चा का अवसर प्रदान करेगा।




