उत्तराखण्ड
प्रभारी सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग का किया स्थलीय निरीक्षण।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेशभर में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के प्रयास निरंतर जारी हैं। इसी क्रम में चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव जनपद रुद्रप्रयाग में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग परियोजना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जनपद भ्रमण के दौरान प्रभारी सचिव रुद्रप्रयाग एवं आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार क्षेत्र स्थित पुनाड गदेरे के समीप निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप हो रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सीधे आमजन की सुविधा से जुड़ी है, इसलिए कार्य में पारदर्शिता और मजबूती सुनिश्चित करना अनिवार्य है।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि समयबद्धता शासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण से रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
प्रभारी सचिव ने कहा कि रुद्रप्रयाग चारधाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव है और केदारनाथ धाम जाने वाले लाखों श्रद्धालु प्रतिवर्ष यहां से होकर गुजरते हैं। मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण से चारधाम यात्रियों को सुगम यातायात सुविधा मिलेगी तथा शहर के भीतर वाहनों का दबाव भी कम होगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्य बाजार क्षेत्र में पार्किंग की समस्या के समाधान की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जिसके दृष्टिगत शासन द्वारा मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई। यह परियोजना शहरी यातायात प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण के लिए शासन से कुल 7 करोड़ 9 लाख 74 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें से 2.84 करोड़ रुपये की धनराशि प्रथम चरण में जारी की जा चुकी है। परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी सिंचाई खंड रुद्रप्रयाग को सौंपी गई है।
इस परियोजना के पूर्ण होने से यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार एवं पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सुगम पार्किंग व्यवस्था से बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने संबंधित विभागों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड खुशवंत सिंह, तहसीलदार रुद्रप्रयाग प्रणव पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




