उत्तराखण्ड
मुख्य सेवक संवाद में सीएम धामी ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय टनकपुर में आयोजित ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में क्षेत्र की माताओं, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पूर्णागिरि मेला समिति, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और स्थानीय समस्याओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर नागरिकों से विस्तार से चर्चा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर गंभीरता से कार्य करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने टनकपुर अस्पताल के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह चिकित्सालय ऐसे महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है, जहां टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों के साथ ही पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। इसी को देखते हुए सरकार यहां स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उपलब्ध डायलिसिस सुविधा का विस्तार करते हुए जल्द ही एक और डायलिसिस मशीन स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर से माँ पूर्णागिरि मंदिर के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में टनकपुर के बूम क्षेत्र को पर्यटन और वॉटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही इसे आकर्षक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प टनकपुर को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सुविधायुक्त बनाना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




