उत्तराखण्ड
श्रमिक हितों के संरक्षण और औद्योगिक शांति बनाए रखने के निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में उद्योग प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिकों को न्यूनतम वेतन, ओवरटाइम, बोनस एवं अन्य सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराए जाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रमुख सचिव ने आयुक्त उद्योग, आयुक्त श्रम एवं विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि श्रमिकों को न्यूनतम वेतन सहित सभी वैधानिक सुविधाएं समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सभी औद्योगिक संस्थान श्रम कानूनों के प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें तथा औद्योगिक शांति बनाए रखने के लिए श्रमिकों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर उन्हें विश्वास में लेकर कार्य करें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुनः व्यापक स्क्रीनिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी श्रमिकों को मानकों के अनुरूप वेतन और सुविधाएं मिल रही हैं। साथ ही यदि कोई बाहरी व्यक्ति भ्रम अथवा दुष्प्रचार फैलाने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उद्योग एवं श्रम विभाग के अधिकारियों सहित औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए अपना पक्ष रखा। औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनके द्वारा श्रमिकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप न्यूनतम वेतन एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
प्रमुख सचिव ने कहा कि राज्य सरकार एवं श्रम विभाग श्रमिकों की समस्याओं के प्रति पूर्णतः संवेदनशील हैं और उनके हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में सचिव , आयुक्त उद्योग , आयुक्त श्रम विभाग सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




