उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा में खुलेगा लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर,सदन में की गई घोषणा।

संवादसूत्र देहरादून/गैरसैण: विदेशी भाषाएं सीखकर विभिन्न देशों में नौकरी करने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने अल्मोड़ा में लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोलने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अंतर्गत वर्तमान में सिर्फ एक सेंटर है, जो देहरादून में संचालित हो रहा है। यह सेंटर वर्ष 2023 से कार्यरत है। अल्मोड़ा में नया सेंटर खुलने के बाद प्रदेश में इस प्रकार के केंद्रों की संख्या दो हो जाएगी।
राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना शुरू की थी। इसके तहत देहरादून में पहला लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोला गया, जहां युवाओं को विभिन्न विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है और उसके बाद विदेशों में रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभाग को निर्देश दिए हैं कि ऐसे केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके।
शुक्रवार को विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सदन में सरकार की ओर से अल्मोड़ा में लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोलने की घोषणा की।
बच्चों की ट्रेनिंग पर सीएम गंभीर, बजट बढ़ाया
इस योजना के तहत अधिक से अधिक युवाओं को लाभ पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं। पहले इस योजना में प्रशिक्षण के लिए 75 लाख रुपये का बजट था, जिसे बढ़ाकर इस बार 3.3 करोड़ रुपये कर दिया गया है। कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि मुख्यमंत्री की सकारात्मक सोच के कारण अब और अधिक युवाओं को प्रशिक्षण का लाभ मिल सकेगा।
कौशल विकासः व्यवस्था और अवसर
147 युवाओं को अभी तक विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया गया
92 युवाओं को विभिन्न देशों में रोजगार मिल चुका है
08 से 10 माह का प्रशिक्षण सेंटर में दिया जाता है
16 अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है
10 युवाओं के लिए सऊदी अरब में नौकरी का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है
सऊदी अरब में सेवारत 30 युवा सुरक्षित
पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात के बीच राज्य सरकार उन युवाओं की भी लगातार जानकारी ले रही है, जिन्हें इस योजना के माध्यम से विदेशों में नौकरी मिली है। सदन में कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि सऊदी अरब में कार्यरत युवाओं से बातचीत की गई है और वे सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।




