उत्तराखण्ड
चमोली-कुंड हाईवे पर आकाशीय बिजली से रेस्टोरेंट में भीषण आग।

संवादसूत्र देहरादून/चमोली : चमोली-कुंड हाईवे पर स्थित मंडल क्षेत्र में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। घटना के समय रेस्टोरेंट बंद था और उस पर ताला लगा हुआ था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान अचानक बिजली गिरने से रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। अंदर रखे गैस सिलेंडरों के फटने से आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा ढांचा चपेट में आ गया।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक रेस्टोरेंट में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट स्थानीय निवासी मनीष नौटियाल का है, जिसे किराए पर चलाया जा रहा था। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।




