उत्तराखण्ड
यमकेश्वर से विकास का संदेश: धामी सरकार के विजन की सीएम योगी ने की प्रशंसा।

संवादसूत्र देहरादून/पौड़ी: पौड़ी जनपद स्थित यमकेश्वर महादेव की पावन एवं ऐतिहासिक भूमि पर नवनिर्मित इंटर कॉलेज भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आज धार्मिक-सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के साथ विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है और यह मॉडल देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना की रजत जयंती के उपरांत विकास के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों के संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वास्तविक विकास वही है जिसमें भौतिक प्रगति के साथ संस्कार, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का संतुलन बना रहे।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यमकेश्वर महादेव जैसे पावन क्षेत्र में आधुनिक शैक्षणिक संस्थानों का निर्माण यह दर्शाता है कि उत्तराखंड सरकार ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। नवनिर्मित इंटर कॉलेज भवन को उन्होंने क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना से गांवों में रहकर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव हो सकेगी।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह नीति विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित है। भारतीय गुरुकुल परंपरा से प्रेरित शिक्षा प्रणाली सदैव संस्कार, परिश्रम और आत्मनिर्भरता पर आधारित रही है, जिसे आज आधुनिक स्वरूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना महामारी का स्मरण करते हुए बताया कि उस कठिन समय में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के छात्रों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुँचाने के लिए दोनों राज्यों ने मिलकर कार्य किया। उन्होंने कहा कि संकट के समय राज्यों के बीच सहयोग और संवेदनशीलता ही सुशासन की सच्ची पहचान है।
मुख्यमंत्री योगी ने गांवों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि गांव हमारी जड़ हैं और जब जड़ें मजबूत होती हैं, तभी विकास का वृक्ष फलता-फूलता है। गांवों को शिक्षा, तकनीक और नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित करना समय की आवश्यकता है। उत्तराखंड सरकार के प्रयास ‘ग्राम स्वराज’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सहित राज्य सरकार के जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि देवभूमि उत्तराखंड सनातन संस्कृति के संरक्षण के साथ विकास का एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत करते हुए आने वाले समय में और अधिक सशक्त रूप में आगे बढ़ेगा।




