उत्तराखण्ड
बुद्ध पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी।

संवादसूत्र देहरादून /ऋषिकेश: बुद्ध पूर्णिमा पर्व पर तीर्थनगरी के गंगा घाटों पर हजारों लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने गरीबों में दान कर पुण्यलाभ कमाया।
आज बुद्ध पूर्णिमा पर्व पर गंगा में स्नान के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। तीर्थनगरी के प्रसिद्ध त्रिवेणी घाट, नाव घाट, दत्तात्रेय घाट, बहत्तर सीढ़ी व साईं घाट सहित मुनिकीरेती के नाव घाट, शत्रुघन घाट व स्वर्गाश्रम व लक्ष्मणझूला के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचने लगे थे। दिन भर गंगा घाटों पर स्नान का सिलसिला जारी रहा। गंगा घाटों पर स्नान को देखते हुए पुलिस ने भी जल पुलिस व सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्थाएं की थी। श्रद्धालुओं ने पूर्णिमा स्नान के साथ गरीबों को दान कर पुण्य कमाया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए नगर के संगठनों ने गंगा घाटों के अलावा नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर छबील लगाकर सरबत वितरित किया। गंगा सभा द्वारा भी श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं की गई थी। कुछ श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी घाट पर छबील लगाकर श्रद्धालुओं को सरबत वितरित किया।
उधर मुनिकीरेती, लक्ष्मण झूला व स्वर्गआश्रम क्षेत्र के गंगा घाटों पर भी गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर दान पुण्य किया। गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में दिल्ली उत्तर प्रदेश हरियाणा आदि राज्यों से भी यात्री पहुंचे थे। जिससे सड़कों पर वाहनों की आमद बढ़ने के कारण यातायात भी रेंगते हुए चला।

