उत्तराखण्ड
डिजिटल वोटिंग से बदली तस्वीर: ओडाडा बना ‘नशामुक्त’ बनने की राह पर।

संवादसूत्र देहरादून/नरेंद्र नगर (टिहरी गढ़वाल): राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस के पावन अवसर पर जनपद टिहरी गढ़वाल की ग्राम पंचायत ओडाडा ने लोकतांत्रिक भागीदारी और तकनीकी नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। ग्राम प्रधान श्रीमती बबली रावत के नेतृत्व में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में न केवल भौतिक रूप से उपस्थित ग्रामीणों ने, बल्कि डिजिटल माध्यम से जुड़े प्रवासी ग्रामीणों और युवाओं ने भी ‘नशामुक्त ओडाडा’ के प्रस्ताव पर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

ग्राम पंचायत के इतिहास में यह एक अभिनव पहल रही, जिसमें ‘ऑनलाइन वोटिंग’ के माध्यम से गाँव से बाहर रह रहे लोगों को भी निर्णय प्रक्रिया से जोड़ा गया। इस डिजिटल जनमत में बड़ी संख्या में लोगों ने मदिरापान पर प्रतिबंध के पक्ष में मतदान किया, जिसके उपरांत पंचायत भवन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
1 मई 2026 से पूर्ण प्रतिबंध: पंचायत क्षेत्र में आयोजित सभी शादी-समारोह, सार्वजनिक भोज एवं स्थानीय त्योहारों में शराब परोसने और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू होगा।
अनुशासन समिति का गठन: मातृशक्ति एवं युवा मंगल दल के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक विशेष समिति गठित की गई है, जो नियमों के अनुपालन की निगरानी करेगी।
नियमों का उल्लंघन करने वाले आयोजकों पर ₹25,000 का जुर्माना लगाया जाएगा। गंभीर मामलों में थाना नरेंद्र नगर को कानूनी कार्यवाही हेतु सूचित किया जाएगा।
ग्राम प्रधान श्रीमती बबली रावत ने कहा, “राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस पर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से मिली यह सर्वसम्मति दर्शाती है कि हमारा पूरा गाँव अपनी भावी पीढ़ी के भविष्य को लेकर गंभीर है। यह निर्णय हमारी देवभूमि की संस्कृति को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
इस अवसर पर वार्ड सदस्य प्रेम सिंह, सरिता, कामेश्वरी देवी, अनिता देवी, दुर्गेश प्रसाद, चरण सिंह, दर्शनी देवी, युवा मंगल दल अध्यक्ष उत्तम रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश रावत, प्रधानाचार्य अनूप सिंह असवाल (रा.इ.का. ओडाडा) सहित समस्त शिक्षक, छात्र, महिला समूहों के सदस्य एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।




