Connect with us

नैनीताल की झीलों और पर्यटन सुविधाओं के विकास पर 46 करोड़ से अधिक खर्च, सचिव आर. राजेश कुमार ने किया निरीक्षण।

उत्तराखण्ड

नैनीताल की झीलों और पर्यटन सुविधाओं के विकास पर 46 करोड़ से अधिक खर्च, सचिव आर. राजेश कुमार ने किया निरीक्षण।

देहरादून/नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप नैनीताल जनपद में झीलों के संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को भीमताल, नौकुचियाताल, कमलताल एवं अन्य विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने झीलों के पुनर्विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और पार्किंग व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संचालित एवं प्रस्तावित परियोजनाओं का विस्तृत अवलोकन किया तथा अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

भीमताल झील का होगा व्यापक सौंदर्यीकरण

भीमताल झील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 25.67 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की गई है। योजना के तहत प्रमुख पार्कों का पुनर्विकास, बोटिंग डॉक का निर्माण, 4210 मीटर लंबे कॉबल स्टोन पैदल मार्ग का विकास, उद्यानों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग सुविधाओं में सुधार, सोलर स्ट्रीट लाइटिंग और आधुनिक स्ट्रीट फर्नीचर स्थापित किए जाएंगे।

नौकुचियाताल में बढ़ेंगी पर्यटन सुविधाएं

नौकुचियाताल झील के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 20.97 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तावित है। इसके तहत बोटिंग स्टैंड, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, फ्लोटिंग जेट्टी, 2089 मीटर लंबा पैदल मार्ग, गज़ीबो, व्यूपॉइंट, लैंडस्केपिंग और सोलर लाइटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

कमलताल बनेगा नया पर्यटन आकर्षण

कमलताल क्षेत्र में ओपन शॉपिंग प्लाजा, 50 मीटर लंबा पैदल पुल, 100 मीटर पैदल मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सोलर लाइटिंग और लैंडस्केपिंग का विकास प्रस्तावित है। परियोजना पूरी होने के बाद यह क्षेत्र एक नए पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित होगा।

भवाली में मल्टीलेवल पार्किंग लगभग तैयार

भवाली के लकड़ी टाल क्षेत्र में निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करते हुए सचिव ने बताया कि परियोजना का लगभग 96 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत 124 वाहनों की पार्किंग क्षमता के साथ भूतल एवं प्रथम तल पर लगभग 40 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है।

नैनीताल शहर में पार्किंग समस्या का समाधान

मल्लीताल स्थित सरोवर पार्किंग परियोजना के लिए 42.77 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसके तहत 605 चारपहिया एवं 202 दोपहिया वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित होगी। इसके अतिरिक्त नैनीताल क्लब के समीप प्रस्तावित 30.43 करोड़ रुपये की ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना के माध्यम से 202 चारपहिया एवं 96 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग उपलब्ध कराई जाएगी।

लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

सचिव डॉ. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा जहां कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, वहां शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर कार्यदायी संस्थाओं में परिवर्तन करने के निर्देश भी दिए गए।

नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग स्थित अशोक पार्किंग स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पूर्व स्वीकृत धनराशि का उपयोग कर पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, झीलों का संरक्षण सुनिश्चित होगा तथा स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]