उत्तराखण्ड
देहरादून में सनसनी: पुरानी रंजिश में बीटेक छात्र की पीट-पीटकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार।

संवादसूत्र देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक बीटेक छात्र की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। मृतक छात्र की पहचान दिव्यांशु जाटराणा (निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। दिव्यांशु स्कूटी से प्रेमनगर बाजार स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। इसी दौरान 15 युवकों के एक समूह ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते फावड़े व लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान दिव्यांशु ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लगातार मारपीट करते रहे। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर दून अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह करीब चार बजे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों—युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल और शिवम शर्मा—को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों में कुछ युवक दिव्यांशु के साथ ही एक ही विश्वविद्यालय में पढ़ते थे और वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।




